लखनऊ, 29 मार्च 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को नोएडा के दादरी स्थित सम्राट मिहिर भोज कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ को संबोधित किया। रैली में भारी भीड़ इकठ्ठा की गयी थी। अखिलेश यादव ने इस मौके पर 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर जोरदार हमला बोला।
BJP पर जमकर बरसे अखिलेश – ‘रैली में लोग लाए गए थे, आए नहीं थे’
अखिलेश यादव ने सपा रैली से एक दिन पहले हुई जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शिलान्यास समारोह की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भाजपा को अपनी रैली के लिए सरकारी कर्मचारियों और कॉलेज के छात्रों को बुलाना पड़ा। उन्होंने कहा – “उस रैली में लोग आए नहीं थे, लाए गए थे।” इसके विपरीत उन्होंने दावा किया कि सपा की रैली में उमड़ी भीड़ स्वतःस्फूर्त है और यही जनता 2027 में भाजपा की लखनऊ और दिल्ली दोनों सरकारों की छुट्टी कर देगी।
किसानों की जमीन और मुआवजे पर बड़ा वादा
अखिलेश यादव ने जेवर एयरपोर्ट समेत तमाम परियोजनाओं में किसानों की जमीन अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया और उनके साथ धोखा किया है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार आने पर विकास कार्यों के लिए जब भी किसानों की जमीन ली जाएगी, उन्हें बाजार भाव से मुआवजा मिलेगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सपा सरकार के दौरान 64 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा और 4 फीसदी प्लॉट दिया जाता था, जो भाजपा सरकार ने बंद कर दिया।
निवेश के दावों पर सवाल, रोजगार का वादा
उन्होंने भाजपा सरकार के निवेश के दावों को झूठा करार देते हुए कहा कि 50 लाख करोड़ के MOU का जमीन पर कोई असर नहीं दिखा और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर युवाओं की पढ़ाई, ट्रेनिंग और नई तरह की नौकरियों के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
PDA एकता का आह्वान, बाबा साहब के संविधान की दुहाई
अखिलेश यादव ने कहा कि दादरी की यह रैली महज एक चुनावी सभा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का आह्वान है। उन्होंने PDA – पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक, वर्ग को एकजुट करते हुए कहा कि सपा सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय की स्थापना करेगी।
रैली में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
रैली की अध्यक्षता पूर्व सांसद हरीश पाल ने की। नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय, राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन, सांसद हरेंद्र मलिक, धर्मेंद्र यादव, इकरा हसन, पूर्व मंत्री जावेद आब्दी समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने रैली स्थल पर गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन भी किया।
