काठमांडू। नेपाल के नवनियुक्त प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के शपथ लेने के महज एक दिन बाद उनकी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कर लिया है। ओली को भक्तपुर के गुंडू स्थित उनके आवास से शनिवार सुबह हिरासत में लिया गया। उन पर सितंबर 2025 के Gen Z भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के दमन से जुड़े गैर-इरादतन हत्या के मामले में आरोप हैं। इसी मामले में पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को भी सुबह करीब 5 बजे भक्तपुर के सूर्यबिनायक स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
सितंबर 2025 के Gen Z विद्रोह में कुल 77 लोगों की जान गई थी, जिसमें पहले दिन के दमन में 19 युवा मारे गए थे। यह आंदोलन सोशल मीडिया बैन और आर्थिक संकट के खिलाफ शुरू हुआ था और देखते ही देखते पूरे नेपाल में फैल गया, जिसमें संसद और सरकारी इमारतों को आग लगा दी गई और अंततः ओली सरकार का पतन हो गया। जांच आयोग की रिपोर्ट को नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही लागू करने का निर्णय लिया गया। गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने कहा – ‘यह किसी से बदला नहीं, यह न्याय की शुरुआत है। कानून से कोई ऊपर नहीं।’ दोषी पाए जाने पर ओली और लेखक को 10 साल तक की सजा हो सकती है।
