प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला स्थित कर्बला स्थल पर जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश से मंगलवार को इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि भूमाफिया विजय मौर्य दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा और जमीन को समतल कराने लगा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और कर्बला से जुड़े पदाधिकारी वहां पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय मौर्य, उसके बेटे विशाल मौर्य सहित कुल चार लोगों को हिरासत में ले लिया और दोनों जेसीबी मशीनों को सीज कर दिया।
जेसीबी से जमीन समतल, पेड़ काटने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय मौर्य अपने साथियों के साथ कर्बला परिसर में पहुंचा और जेसीबी से जमीन समतल कराने के साथ-साथ वहां लगे पेड़-पौधों को हटाने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि उसका उद्देश्य जमीन पर जबरन कब्जा करना था। जैसे ही इस गतिविधि की जानकारी जमीन के वास्तविक दावेदारों और कर्बला से जुड़े लोगों को हुई, वे तत्काल मौके पर पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया।
विरोध के बाद पहुंची पुलिस, हालात काबू में
विरोध बढ़ते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस के साथ चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और जेसीबी मशीनों को कब्जे में ले लिया। सभी आरोपियों को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
जमीन को लेकर पहले से कोर्ट में मामला
कर्बला से जुड़े लोगों का आरोप है कि विजय मौर्य ने जमीन के दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर कर कब्जा करने की कोशिश की। उनका कहना है कि इस जमीन के स्वामित्व को लेकर पहले से ही दो पक्षों के बीच अदालत में मामला विचाराधीन है और विजय मौर्य का इस भूमि से कोई वैधानिक संबंध नहीं है।
धार्मिक स्थल होने के कारण बढ़ाई गई सुरक्षा
मामला धार्मिक स्थल से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस फोर्स और पीएसी को कर्बला स्थल पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल, पूरे प्रकरण को लेकर इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
