नई दिल्ली, 7 दिसंबर 2025 – इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन का संकट छठे दिन भी थमा नहीं। रविवार को देश के बड़े हवाई अड्डों पर सैकड़ों इंडिगो उड़ानें रद्द हो गईं, जिससे हज़ारों यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई जैसे हब्स पर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, और लोग घंटों फंसे रहे। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्क्रीन पर दर्जनों इंडिगो फ्लाइट्स कैंसिल दिखाई गईं। इसी बीच, सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने हवाई किराए पर अस्थायी कैप लगा दिया, ताकि टिकट कीमतें 3-4 गुना न उछलें। 500 किमी तक की उड़ानों के लिए अधिकतम 7,500 रुपये, 500-1000 किमी के लिए 12,000 रुपये, 1000-1500 किमी के लिए 15,000 रुपये और 1500 किमी से ज्यादा के लिए 18,000 रुपये तय किए गए। यह नियम इकोनॉमी क्लास पर लागू होगा, लेकिन बिजनेस क्लास और UDAN स्कीम की उड़ानों पर नहीं।
पिछले छह दिनों में कुल 2,000 से ज्यादा इंडिगो उड़ानें कैंसल हो चुकी हैं, जो FDTL (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) नियमों के सख्ती से लागू होने की वजह से हुईं। इंडिगो ने शनिवार को 800 से ज्यादा उड़ानें रद्द की थीं, जो शुक्रवार के 1,000 के आंकड़े से कम हैं, लेकिन रविवार को भी 500 से ज्यादा कैंसिलेशन दर्ज हुए। हैदराबाद एयरपोर्ट पर 115 उड़ानें रद्द हुईं, जिसमें 61 डिपार्चर और 54 अराइवल शामिल हैं। कुल मिलाकर, हैदराबाद में अब तक 519 इंडिगो फ्लाइट्स प्रभावित हो चुकी हैं। चेन्नई में 30 से ज्यादा, मुंबई में 117 (54 अराइवल, 63 डिपार्चर) और दिल्ली में 106 कैंसिलेशन हुए। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया – एक यूजर ने लिखा, “शादी का दिन था, लेकिन इंडिगो ने सब बर्बाद कर दिया। रिफंड कब मिलेगा?” DGCA ने इंडिगो CEO को शो-कॉज नोटिस जारी किया है और एक हाई-लेवल कमिटी बनाई है, जो संकट की जांच करेगी।
इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन की इस अफरा-तफरी ने न सिर्फ यात्रियों को परेशान किया, बल्कि पूरे एविएशन सेक्टर को हिला दिया। सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने साफ कहा कि सभी कैंसल्ड या डिले फ्लाइट्स के रिफंड 8 दिसंबर शाम 8 बजे तक पूरे होने चाहिए। इंडिगो ने वादा किया कि रिफंड ऑटोमैटिक तरीके से ओरिजिनल पेमेंट मोड पर जाएंगे, और 5-15 दिसंबर की बुकिंग्स पर कैंसिलेशन चार्ज वेवर रहेगा। लेकिन OTAs जैसे मेकमाईट्रिप और गोइबिबो पर शिकायतें हैं – वे कन्वीनियंस फीस काट रहे हैं, जबकि इंडिगो फुल रिफंड दे रहा। एक पैसेंजर ने X पर पोस्ट किया, “इंडिगो ने फ्री कैंसलेशन कहा, लेकिन OTA ने 2,000 रुपये काट लिए। ये लूट है!” इसी बीच आपको बता दें की रेलवे ने मदद की – 75 स्पेशल ट्रेनें चलाईं, जिनमें 116 एक्स्ट्रा कोच जोड़े गए, ताकि कुछ फंसे यात्री तो घर पहुंच सकें। एयर इंडिया ने भी फेयर कैप का पालन करने की बात कही है।
