गोवा के अर्पोरा में स्थित पॉपुलर नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार-रविवार (6-7 दिसंबर 2025) दरम्यानी रात करीब 11:45 बजे भीषण आग लगने से 25 लोगों की जिंदगियां छिन गईं। इनमें 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक शामिल हैं, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हैं। पीक टूरिस्ट सीजन में हुई इस त्रासदी ने न सिर्फ गोवा की सैर-सपाटे वाली छवि को झकझोर दिया, बल्कि पूरे देश को सदमे में डाल दिया। आग की शुरुआत डांस परफॉर्मेंस के दौरान इस्तेमाल हुए इलेक्ट्रिक फायरक्रैकर्स (कोल्ड पायरो) से हुई, जिनकी चिंगारियां बांस, रेशम और पुआल से बनी छत पर गिरीं और कुछ ही मिनटों में पूरे क्लब में फैल गई। वायरल वीडियो में डांस फ्लोर पर लपटें और धुआं दिखाई दे रहा है, जो हादसे की भयावहता बयां करता है।
क्लब बैकवाटर्स के पास एक द्वीप जैसी जगह पर बना था, जहां संकरी गलियां और सीमित एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स ने बचाव कार्य को मुश्किल बना दिया। फायर इंजन को 400 मीटर दूर पार्क करना पड़ा, जिससे देरी हुई। ज्यादातर मौतें धुएं से दम घुटने के कारण हुईं, खासकर बेसमेंट किचन में फंस गए लोगों की। फायर डिपार्टमेंट की रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया कि स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर एनओसी और अनधिकृत निर्माण की कमी ने हादसे को और भयानक बना दिया।
कितने आरोपी फरार और कितने गिरफ्तार?
मुख्य आरोपी और क्लब मालिक गौरव लूथरा व सौरभ लूथरा घटना के फौरन बाद फरार हो गए। आग लगने के चंद घंटों बाद, 7 दिसंबर सुबह 5:30 बजे उन्होंने मुंबई से इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 लेकर थाईलैंड के फुकेट पहुंच गए। ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन के रिकॉर्ड से साफ है कि लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी होने से पहले ही वे देश छोड़ चुके थे। सौरभ लूथरा, जो रोमियो लेन चेन के चेयरमैन और स्वर्ण पदक विजेता इंजीनियर हैं, ने दिल्ली, नोएडा, भुवनेश्वर और विदेशों में आउटलेट्स खोले थे। उसकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर क्रिकेटर युजवेंद्र चहल, एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस जैसे सेलेब्स के साथ ग्लैमरस फोटोज हैं।
गोवा पुलिस ने सीबीआई के जरिए इंटरपोल से संपर्क कर उसकी लोकेशन ट्रेस करने और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली में उसके घर पर छापा मारा गया, लेकिन वो वहां नहीं मिला। इसी बीच, पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया: मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोडक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार मैनेजर राजवीर सिंघानिया, गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर और ऑपरेशंस हेड भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गोवा ले आयी है। अर्पोरा-नागोआ सरपंच रोशन रेडकर को भी हिरासत में लिया गया है। अंजुना पुलिस स्टेशन में इनपर सदोष हत्या के तहत FIR दर्ज हुई है।
लापरवाही के आरोप और सरकारी कार्रवाई
हादसे के बाद लूथरा ब्रदर्स के दूसरे क्लब ‘रोमियो लेन वागाटोर’ को फायर सेफ्टी उल्लंघनों के कारण सील कर दिया गया है। फायर सेफ्टी उल्लंघनों के कारण उनका दूसरा वेंचर ‘रोमियो लेन’ (वागाटोर) सील कर दिया गया। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए विशेष कमेटी गठित की है और तीन सरकारी अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है जिसमे पंचायत डायरेक्टर सिद्धि तुषार हरलंकर, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड मेंबर सेक्रेटरी डॉ. शमीला मोंटेरो और अर्पोरा-नागोआ विलेज पंचायत सेक्रेटरी रघुवीर बागकर शामिल हैं। ये तीनों अधिकारी 2023 में क्लब को परमिशन देने के जिम्मेदार थे।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रियल जांच कमिटी गठित करते हुए कहा है कि, “आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, दोषी अधिकारी भी निशाने पर।” पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों को 2 लाख रुपये की सहायता घोषित की है। गवर्नर पी. अशोक गजपति राजू ने घायलों से मुलाकात की। सभी 25 शवों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और परिवारों को सौंप दिए गए हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसे “सुरक्षा और गवर्नेंस की आपराधिक नाकामी” बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है। अब सवाल यह है कि क्या यह जांच सिस्टम की सड़न तक पहुंचेगी, ताकि ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।
