उत्तर प्रदेश में शीत लहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ी तो तराई क्षेत्र के अधिकांश जिलों में दोपहर तक धूप नहीं निकली। घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए तराई के 18 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 20 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। मंगलवार सुबह प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, आगरा, बरेली, सहारनपुर और गाजियाबाद में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। अमेठी और फर्रुखाबाद में दृश्यता 20 मीटर, बलिया और सोनभद्र में 40 मीटर, जबकि लखनऊ और अयोध्या में मात्र 50 मीटर रही।
18 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, रामपुर, बरेली और पीलीभीत।
इन जिलों में शीत दिवस की संभावना
प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर।
रेल, सड़क और हवाई यातायात पर बड़ा असर
घने कोहरे के चलते प्रदेश के करीब 25+ शहरों में हालात गंभीर बने हुए हैं। लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर सहित कई शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। प्रदेश भर में 200 से अधिक ट्रेनें 2 से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। कानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, आगरा और झांसी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उड़ानें भी देरी से संचालित हुईं।
स्कूल बंद, सड़कों पर सन्नाटा
तेज सर्द हवाओं और गलन के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राएबरेली, सुल्तानपुर, वाराणसी, जौनपुर, उन्नाव, सोनभद्र, मिर्जापुर, संभल और अंबेडकर नगर सहित कई जिलों में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
बाराबंकी रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 26 जिले नैनीताल (6°C) और शिमला (11°C) से भी ज्यादा ठंडे रहे।
तापमान में और गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होगा। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण चलने वाली सर्द पछुआ हवाओं से रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। हालांकि दिन के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में कोहरे के घनत्व में कुछ कमी आने की उम्मीद है।
क्रिसमस और न्यू ईयर पर भी मौसम खराब
मौसम विभाग का अनुमान है कि क्रिसमस और नववर्ष पर भी मौसम खराब बना रहेगा। भारी कोहरा, सर्द हवाएं और बादल छाए रहेंगे। क्रिसमस के दिन तापमान 6 से 11 डिग्री सेल्सियस और नए साल पर 5 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
सरकार अलर्ट मोड पर
प्रदेश सरकार भी पूरी तरह अलर्ट है। राहत आयुक्त ने 25 जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। कोहरे में दुर्घटना होने पर तुरंत 108 और 112 पर सूचना देने की अपील का वीडियो भी जारी किया गया है। एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा घटाकर 60 से 80 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। फिलहाल प्रदेशवासियों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
